PATHALGAON
PATHALGAON
12 Sep 2026
*571 नन्हे बच्चों ने मंच पर बिखेरी प्रतिभा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन,सेंट जेवियर्स स्कूल में वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, 275 विद्यार्थियों को उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए मिला सम्मान*
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य सुनील कुमार खलखो ने अभिभावकों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें अपना बहुमूल्य और गुणवत्तापूर्ण समय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण समय का मतलब केवल बच्चों के साथ बैठना या अधिक समय बिताना नहीं है, बल्कि ऐसा समय देना है जिसमें माता-पिता बच्चों को समझें, उनकी बातें सुनें, उन्हें प्रेम दें और उनके साथ अपने संबंधों को मजबूत बनाएं।
पत्थलगांव। सेंट जेवियर्स अंग्रेजी माध्यम स्कूल पत्थलगांव में शनिवार को प्री-प्रायमरी के विद्यार्थियों का वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के वार्षिक उद्देश्य ‘उत्कृष्टता के लिए शिक्षा : बौद्धिक विकास एवं मानवता का निर्माण’ को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से अभिभावकों और दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्कूल प्रबंधक जख्रारियस लकड़ा तथा विशिष्ट अतिथि स्कूल प्राचार्य सुनील कुमार खलखो उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिस्टर सिलवंती मिंज ने की, जबकि उप प्राचार्य मनोज मिंज सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे। प्री-प्रायमरी के 571 बच्चों ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में अंग्रेजी राइम्स, नृत्य, कविताओं और संगीतमय प्रस्तुतियों से मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की मासूमियत, उत्साह और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद बड़ी संख्या में अभिभावकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने प्रभावी मंच संचालन के माध्यम से भी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। अपने बच्चों को पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच पर प्रस्तुति देते देखकर अभिभावक भी उत्साहित और गौरवान्वित नजर आए। अभिभावकों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
*275 विद्यार्थियों को मिला सम्मान-:*कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह रहा। वर्षभर शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्री-प्रायमरी के 275 छात्र-छात्राओं को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जख्रारियस लकड़ा ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को उत्कृष्ट और संवेदनशील इंसान बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन बचपन से ही बच्चों में उत्कृष्टता के साथ मानवता के संस्कार विकसित करने का प्रयास कर रहा है।
*बच्चों के लिए अभिभावकों का गुणवत्तापूर्ण समय जरूरी -:कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य सुनील कुमार खलखो ने अभिभावकों से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें अपना बहुमूल्य और गुणवत्तापूर्ण समय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण समय का मतलब केवल बच्चों के साथ बैठना या अधिक समय बिताना नहीं है, बल्कि ऐसा समय देना है जिसमें माता-पिता बच्चों को समझें, उनकी बातें सुनें, उन्हें प्रेम दें और उनके साथ अपने संबंधों को मजबूत बनाएं। उन्होंने सभी बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ इस भव्य एवं यादगार वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन हुआ।
Share this update: