PATHALGAON
PATHALGAON
14 Nov 2026
*जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर किलकिला में हुई विशेष बैठक* *प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के नेतृत्व में माता धाम पुजारी-गुनिया-बैगा समन्वय समिति ने बनाई रणनीति, 10 हजार से अधिक धर्मयोद्धाओं की सहभागिता का लक्ष्य*
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
जशपुर कुमार प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के नेतृत्व में माता धाम पुजारी-गुनिया-बैगा समन्वय समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ जनजातीय समाज की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
पत्थलगांव-: जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दिन रविवार को धरमजयगढ़ प्रवास को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में पत्थलगांव के किलकिला स्थित शिव मंदिर परिसर में जशपुर कुमार प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के नेतृत्व में माता धाम पुजारी-गुनिया-बैगा समन्वय समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ जनजातीय समाज की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। दरअसल इससे पूर्व भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी धरमजयगढ़ पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर चुकी हैं। उन्होंने संगठनात्मक समन्वय को लेकर बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। किलकिला में आयोजित बैठक में पत्थलगांव, लैलूंगा, धरमजयगढ़, सीतापुर, जशपुर एवं कुनकुरी विधानसभा क्षेत्रों से 10 हजार से अधिक धर्मयोद्धाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया। इसके लिए विधानसभा वार संख्या का आकलन करने के साथ उनके आवागमन, बैठने एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जनजातीय समाज की आस्था, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक पहचान के संरक्षण को लेकर भी चर्चा हुई। जशपुर कुमार प्रबल प्रताप जूदेव ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। इसी प्रेरणा से समाज के धर्मयोद्धा भी अपनी परंपराओं और मूल आस्था के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। धर्मांतरण के जरिए जनजातीय समाज की मूल पहचान प्रभावित करने वाली गतिविधियों के प्रति जागरूकता और सामाजिक एकजुटता पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने जनजातीय समाज से अपनी आस्था, परंपराओं, मान-सम्मान और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए एकजुट होकर सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महज एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के शौर्य, स्वाभिमान, गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उसके अतुलनीय योगदान को नमन करने का अवसर है। बैठक में कपिल शास्त्री, टीकाराम पटेल, विनय पांडेय, लिंगराज सहित क्षेत्र के गुरुजन, माताओं-बहनों एवं वरिष्ठजनों की उपस्थिति रही।
Share this update: