सीएम से पीएम तक का सफर, सेवा संकल्प अभियान में बदला
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
सीएम से पीएम तक का सफर, सेवा संकल्प अभियान में बदला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पत्थलगांव में घर-घर जले दीपक, शासकीय भवन भी रोशनी से जगमगाए
पत्थलगांव। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन गुरुवार को पत्थलगांव में सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर शासकीय भवनों के साथ-साथ नगर के सैकड़ों घरों में भी प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए गए।
अग्रसेन भवन में अग्रबंधुओं ने जलाए दीपक
पत्थलगांव के अग्रसेन भवन में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अनिल मित्तल की अगुवाई में दर्जनों अग्रबंधुओं ने दीपक जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की। इस दौरान अनिल मित्तल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पूरा जीवन देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। उनके जन्मदिन पर दीपक जलाकर हम उनके प्रति अपनी श्रद्धा और शुभकामनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
विधायक निवास में भारत के मानचित्र पर जगमगाए सैकड़ों दीप
विधायक निवास में विधायक गोमती साय के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान भारत के मानचित्र का आकार बनाकर उसमें सैकड़ों दीप जलाए गए।
विधायक गोमती साय ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के जीवन में मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का सफर तय करते हुए देश को विकास और प्रगति के नए युग की सौगात दी है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मना रही है। इसके तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
एक माह तक होंगे विविध कार्यक्रम
भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर नगर के सभी शासकीय भवनों के साथ विधायक कार्यालय में भी दीप प्रज्वलित कर उनके दीर्घायु होने की कामना की गई।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता अभियान, हेलमेट रैली, नुक्कड़ नाटक, रक्तदान शिविर, सरकार आपके द्वार कार्यक्रम तथा विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से शामिल हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रही सहभागिता
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम को सफल बनाने में राजस्व विभाग एवं नगर पंचायत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व क्षितिज कुमार, तहसीलदार प्रमोद पटेल, नायब तहसीलदार, सीएमओ जावेद खान शिक्षा अधिकारी वेदा नंद आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।