Local News
All Regions
24 Aug 2026
•
102 Views
*मीडिया की खबर का असर, जर्जर सड़कों की तत्काल सुध लेने में जुटा विभाग*
Rajesh Agarwal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
*एनएच विभाग ने गड्ढों को भरने का काम शुरू किया, पीडब्ल्यूडी ने भी सड़कों की मरम्मत के लिए उठाए कदम*
पत्थलगांव- शहर की जर्जर सड़कों को लेकर एक दिन पहले प्रकाशित खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। मीडिया द्वारा सड़कों की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से सामने लाए जाने के बाद संबंधित विभागों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
एनएच विभाग के ईई ने शहर की जर्जर सड़कों की स्थिति का संज्ञान लेते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू कराया है। सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में मटेरियल डालकर उन्हें पाटा जा रहा है, जिससे आवागमन को सुगम बनाया जा सके। विभाग द्वारा फिलहाल गड्ढों को भरकर सड़क को चलने योग्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं लोक निर्माण विभाग पत्थलगांव ने भी शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति की सुध लेते हुए गड्ढों में मटेरियल डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे बारिश के कारण जगह-जगह खराब हुई सड़कों पर वाहन चालकों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है।
*मीडिया की खबर के बाद जागा विभाग -*
शहर की सड़कों पर लंबे समय से बने गड्ढों और बदहाल स्थिति को लेकर नागरिकों में नाराजगी थी। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो गई थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। ऐसे में मीडिया द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई शुरू करना राहत की बात है। हालांकि नागरिकों का कहना है कि गड्ढों की तात्कालिक मरम्मत के साथ-साथ सड़कों का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण सुधार भी जल्द कराया जाना चाहिए।
Share this update: