PATHALGAON
PATHALGAON
27 Aug 2026
ड्रिंक एंड ड्राइव पर पुलिस का कड़ा शिकंजा, वाहन चालकों में हड़कंप
Rajesh Agarwal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर पत्थलगांव में सख्ती, दर्जनों वाहन चालकों पर कार्रवाई
पत्थलगांव। शहर में लगातार मिल रही ड्रिंक एंड ड्राइव की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर पत्थलगांव पुलिस की कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश तथा एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विनीत पांडे के नेतृत्व में दर्जनों वाहन चालकों को पकड़कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। कई वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन सकता है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। ड्रिंक एंड ड्राइव के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। नियम तोड़ने वालों के लाइसेंस निरस्तीकरण और आवश्यकतानुसार वाहन जब्ती जैसी कार्रवाई भी की जाएगी।
*कार्यवाही लगातार रहेगी जारी -:*
एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने कहा कि ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे में वाहन चलाने वालों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। वाहन चालकों से अपील है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रहेगी। ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों पर आगे भी नियमित जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर लाइसेंस निरस्त कराने से लेकर वाहन जब्ती तक की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से शहर में नशे में वाहन चलाने वाले चालकों में हड़कंप है। वहीं पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।।
Share this update: