PATHALGAON
PATHALGAON
30 Aug 2026
ड्रिंक एंड ड्राइव पर पुलिस की सख्ती के बाद भी नहीं थम रहा सिलसिला धारा 185 के तहत लगातार कार्रवाई
Rajesh Agarwal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
शनिवार को भी दर्जनों चालकों पर जुर्माना; नशे में वाहन चलाने वालों से बेगुनाहों की जान को खतरा
ड्रिंक एंड ड्राइव पर पुलिस की सख्ती के बाद भी नहीं थम रहा सिलसिला
धारा 185 के तहत लगातार कार्रवाई, शनिवार को भी दर्जनों चालकों पर जुर्माना; नशे में वाहन चलाने वालों से बेगुनाहों की जान को खतरा
पत्थलगांव। शहर में शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद नशे में वाहन चलाने वाले अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। शनिवार को भी दर्जनों वाहन चालकों पर थाना प्रभारी विनीत पांडेय के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए कई मामलों में 10-10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया गया। इसके बावजूद शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले केवल अपनी ही जान जोखिम में नहीं डाल रहे, बल्कि सड़क पर चलने वाले बेगुनाह लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल रहे हैं। नशे में वाहन चलाने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कई बार ऐसे लोग भी इसकी चपेट में आ जाते हैं, जिनकी कोई गलती नहीं होती। किसी का परिवार उजड़ जाता है तो कोई बेगुनाह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझने को मजबूर हो जाता है।
रायगढ़ रोड पर विशेष मुहिम की जरूरत -
शहर के वरिष्ठ नागरिक रविन्द्र सिंह भाटिया ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए जिला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह एवं एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल से ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान को लगातार जारी रखने की अपील की है।
उन्होंने विशेष रूप से रायगढ़ रोड पर विशेष मुहिम चलाकर नशे में तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले बाइकर्स समूहों पर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि शाम और रात के समय रायगढ़ रोड पर तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी जरूरी है।
सख्ती के साथ लगातार जांच जरूरी
शहरवासियों का कहना है कि पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई सराहनीय है, लेकिन ड्रिंक एंड ड्राइव पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जांच अभियान लगातार चलना चाहिए। खासकर रात के समय प्रमुख मार्गों और रायगढ़ रोड पर नियमित जांच बढ़ाने की जरूरत है, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगे और किसी बेगुनाह को किसी और की गलती की कीमत अपनी जान देकर न चुकानी पड़े।
--एस.डी. ओ. पी ध्रुवेश जायसवाल ने कहा कि पुलिस लगातार शुरुआती दिनों में शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले को समझाइश दी,परन्तु अपनी हरकतों से बाज नहीं आए चालक,जिसके बाद पुलिस अब लगातार कार्यवाही कर जुर्माना लगा रही है,लगातार कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाकर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यदि इसके बाद भी शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए जाएंगे तो वाहन को सीज करने की कठोर कार्यवाही की जाएगी।
Share this update: