PATHALGAON
PATHALGAON
30 Aug 2026
रायगढ़ रोड में शराबियों का कहर, पुलिस की कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रहा ड्रिंक एंड ड्राइव
Rajesh Agarwal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम के सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, विकास सिन्हा घायल
*रायगढ़ रोड में शराबियों का कहर, पुलिस की कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रहा ड्रिंक एंड ड्राइव*
*महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम के सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, विकास सिन्हा घायल; सरकारी शराब दुकान को लेकर नागरिकों में बढ़ रहा आक्रोश*
*शराब दुकान हटाने को लेकर नागरिकों का विरोध शुरू*
पत्थलगांव। रायगढ़ रोड पर शराब का सेवन कर तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर पुलिस लगातार ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशे में वाहन चलाने वाले चालक अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। आए दिन हो रही घटनाओं के कारण रायगढ़ रोड अब लोगों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में रायगढ़ रोड निवासी विकास सिन्हा बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक शराब के नशे में बताया जा रहा था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
*सरकारी शराब दुकान को लेकर उठ रहे सवाल -:*
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रायगढ़ रोड पर संचालित सरकारी शराब दुकान इस समस्या की प्रमुख वजहों में से एक बन गई है। दुकान के आसपास बने आहातों में लोग शराब का सेवन करते हैं और इसके बाद नशे की हालत में अपने वाहनों को तेज रफ्तार से मुख्य सड़क पर दौड़ाते हैं। यही लापरवाही कई बार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने क्षेत्रवासियों की चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ा दिए हैं।
*पुलिस कार्रवाई के बावजूद नहीं सुधर रहे चालक -:*
पुलिस द्वारा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशे में वाहन चलाने वालों पर हजारों रुपए का जुर्माना भी लगाया जा रहा है, इसके बावजूद ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले पूरी तरह थम नहीं रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि केवल वाहन चालकों पर कार्रवाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। शराब दुकान के स्थान और उसके आसपास शराब सेवन के बाद सड़क पर निकलने वाले वाहन चालकों पर भी प्रभावी नियंत्रण जरूरी है।
*शराब दुकान हटाने की मांग तेज -:*
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच अब शहर के नागरिकों ने रायगढ़ रोड स्थित सरकारी शराब दुकान का विरोध शुरू कर दिया है। नागरिकों की मांग है कि शराब दुकान को शहर से बाहर, कम आवाजाही वाले और सार्वजनिक स्थलों से दूर स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। लोगों का कहना है कि किसी व्यक्ति द्वारा शराब का सेवन करना उसकी व्यक्तिगत पसंद हो सकती है, लेकिन नशे में वाहन चलाकर किसी बेगुनाह की जिंदगी खतरे में डालना गंभीर अपराध है। कई बार चालक की गलती का खामियाजा ऐसे लोगों को भुगतना पड़ता है, जिनकी हादसे में कोई गलती नहीं होती।
Share this update: