PATHALGAON
PATHALGAON
24 Sep 2026
हवन-पूजन के बाद विदा होंगे गणपति बप्पा, कर्मा दल की अगुवाई में निकलेगी भव्य विसर्जन शोभायात्रा नंदन झरिया, पूरन तालाब सहित अन्य जलस्रोतों में होगा प्रतिमाओं का विसर्जन, मंडी के विशाल गणपति की शोभायात्रा रहेगी आकर्षण का केंद्र
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
गणेश उत्सव के अंतिम दिन आज शहर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना हुआ है। विभिन्न गणेश पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ शाम को हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान हो रहे है
पत्थलगांव। गणेश उत्सव के अंतिम दिन आज शहर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना हुआ है। विभिन्न गणेश पंडालों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ शाम को हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान हो रहे है । इसके बाद भगवान गणेश की प्रतिमाओं को श्रद्धा और उत्साह के साथ विसर्जन के लिए ले जाया जाएगा।
मंडी प्रांगण में विघ्न विनाशक गणेश उत्सव समिति द्वारा स्थापित विशाल गणपति प्रतिमा के समक्ष 56 भोग, आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और हाउसी सहित विभिन्न आयोजन किए गए। दुर्गा मंदिर के प्रमुख ज्योतिषाचार्य पंडित शिव निवास द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई।
कश्मीरी गली स्थित यंग स्टार गणेश उत्सव समिति का भव्य गणेश पंडाल इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। समिति के छोटे-छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक ने पूरे उत्साह के साथ आयोजन में सहभागिता निभाई। सुबह-शाम आरती, विभिन्न धार्मिक आयोजन और भंडारे में समिति की सक्रिय भागीदारी की लोगों ने सराहना की।
वहीं जशपुर रोड स्थित हिन्द कॉलोनी गणेश समिति के पंडाल में भी पूरे उत्साह के साथ गणेश उत्सव मनाया गया। सुबह-शाम आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और भोग-प्रसाद का वितरण किया गया। यहां पंडित सोनू शर्मा द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई।
कर्मा दल की अगुवाई में निकलेगी शोभायात्रा-आज हवन-पूजन के बाद शहर के विभिन्न गणेश पंडालों से विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। कर्मा दल की अगुवाई में मंडी के विशाल गणपति की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। गणपति बप्पा के जयघोष और धार्मिक माहौल के बीच प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल तक ले जाया जाएगा। भगवान गणेश की प्रतिमाओं का नंदन झरिया, पूरन तालाब सहित अन्य जलस्रोतों में विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालु अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण देते हुए गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई देंगे।
Share this update: