PATHALGAON
PATHALGAON
26 Sep 2026
*भारी बारिश और बाढ़ के बीच जशपुर पुलिस की विशेष अपील—जरूरत न हो तो यात्रा से बचें, घर पर रहें सुरक्षित* *एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की, पुल-पुलिया, जलभराव और नदी-नालों वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस जिलेवासियों की सुरक्षा के लिए हर संभव मदद के लिए तत्पर है। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रशासन एवं पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, जरूरतमंदों की मदद करें और स्वयं भी सुरक्षित रहें।
पत्थलगांव/जशपुर- जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और कई स्थानों पर अत्यधिक जलभराव की स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में यदि यात्रा अत्यंत आवश्यक न हो तो अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और यात्रा करने से बचें। घर पर रहें और सुरक्षित रहें। एसएसपी लाल उम्मेद ने कहा कि नदी-नालों, पुल-पुलियों, जलप्रपातों, तेज बहाव वाले पानी तथा अत्यधिक जलभराव वाले स्थानों के आसपास रहने और जाने वाले लोग विशेष रूप से अलर्ट रहें। पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है, इसलिए किसी भी स्थिति में जोखिम न उठाएं। डूबे हुए रास्तों, बंद किए गए पुलों अथवा बैरियर लगाए गए स्थानों को पार करने का प्रयास न करें।
उन्होंने वाहन चालकों से भी अपील की कि जलभराव वाले मार्गों और पुल-पुलियों पर पानी का स्तर अधिक होने की स्थिति में आगे बढ़ने का जोखिम न लें। विशेषकर रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचें।
*भ्रामक जानकारी से बचें, केवल विश्वसनीय स्रोतों पर करें भरोसा-:*डी.आई.जी & एस.एस.पी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बारिश और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं से बचना बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को बिना पुष्टि किए आगे साझा न करें। केवल प्रशासन, पुलिस एवं अन्य अधिकृत और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि गलत या भ्रामक जानकारी से लोगों में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए सूचना साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर करें।
*बच्चों-बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान-:*पुलिस ने लोगों से बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर नहीं भेजने, पहाड़ी क्षेत्रों एवं संभावित भूस्खलन वाले स्थानों से दूर रहने तथा गिरे हुए बिजली के तारों एवं खंभों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
*आपात स्थिति में 112 पर करें संपर्क-:*
जशपुर पुलिस ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करें। जिला पुलिस कंट्रोल रूम के 9479193699 नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें"
आवश्यकता न हो तो यात्रा न करें, घर पर रहें और सुरक्षित रहें।”
Share this update: