PATHALGAON
PATHALGAON
14 Nov 2026
लिटिल रोज स्कूल में बाल दिवस पर सजा फन फिस्ट मेला, बच्चों ने सीखे व्यापार के गुर,खाने-पीने से लेकर मनोरंजन और खेलकूद तक के लगाए गए स्टॉल, बच्चों ने उत्साह के साथ की खरीदारी और बिक्री
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि फन फिस्ट मेले जैसे आयोजन बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव भी प्रदान करते हैं। इसके माध्यम से बच्चों को व्यापार करने, आर्थिक लेन-देन समझने, ग्राहकों से संवाद करने और जिम्मेदारी निभाने के गुण सीखने का अवसर मिलता है।
पत्थलगांव। बाल दिवस के अवसर पर शहर के लिटिल रोज सीबीएसई स्कूल में बच्चों के लिए आकर्षक फन फिस्ट मेले का आयोजन किया गया। मेले में छोटे बच्चों से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खाने-पीने, मनोरंजन एवं खेलकूद से जुड़े विभिन्न स्टॉल लगाए। बच्चों ने न केवल मेले का भरपूर आनंद उठाया, बल्कि स्वयं स्टॉल संचालित कर व्यापार करने, ग्राहकों से संवाद करने, सामान की बिक्री और पैसों के लेन-देन जैसे व्यावहारिक गुण भी सीखे। मेले में विद्यार्थियों द्वारा खाने-पीने के स्टॉल में मोमोस, भेल, गुपचुप, चाट, चाउमिन, मंचूरियन सहित कई स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानें सजाई गई थीं। वहीं खेलकूद एवं मनोरंजन के लिए थ्रो द बॉल, हिट द विकेट सहित कई रोचक गेम के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर बच्चों के साथ अभिभावकों की भी अच्छी सहभागिता देखने को मिली। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपने-अपने स्टॉल का संचालन किया और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के तरीके अपनाए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पत्थलगांव अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अनिल मित्तल उपस्थित रहे। साथ ही वरिष्ठ समाजसेवी रामलाल अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, सजन जिंदल, प्रयागराज अग्रवाल, अनिल अग्रवाल,हेमंत अग्रवाल, परशुराम अग्रवाल,खजांची अग्रवाल, सुंदर अग्रवाल, राजेश अग्रवाल सहित स्कूल के डायरेक्टर डॉ. पवन अग्रवाल, प्राचार्य हेमंत यादव एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
व्यापारिक दृष्टिकोण और व्यवहारिक ज्ञान विकसित करने का बेहतर माध्यम :-कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि फन फिस्ट मेले जैसे आयोजन बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक जीवन के महत्वपूर्ण अनुभव भी प्रदान करते हैं। इसके माध्यम से बच्चों को व्यापार करने, आर्थिक लेन-देन समझने, ग्राहकों से संवाद करने और जिम्मेदारी निभाने के गुण सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक दृष्टिकोण की बारीकियों को समझना भी जीवन में बेहद जरूरी है। एक निर्धारित उम्र के बाद बच्चों को अपना भविष्य बनाने के लिए व्यापार सहित विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में आगे आने का अवसर मिलता है। ऐसे में बचपन से ही उन्हें इन गतिविधियों से जोड़ना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि लिटिल रोज स्कूल के डायरेक्टर डॉ. पवन अग्रवाल के नेतृत्व में विद्यालय निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। स्कूल में होने वाले ऐसे नवाचारपूर्ण आयोजन बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व को भी निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षा के साथ संस्कार और व्यवहारिक ज्ञान भी जरूरी-विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. पवन अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और व्यवहारिक ज्ञान का होना भी उतना ही जरूरी है। बच्चों को बचपन से ही जिम्मेदारी निभाने, आत्मनिर्भर बनने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि फन फिस्ट मेले का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ व्यापारिक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव देना है, ताकि वे भविष्य में अपने निर्णय स्वयं लेने और नए अवसरों को पहचानने में सक्षम बन सकें। डॉ. अग्रवाल ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता में सभी के योगदान की सराहना की। उन्होंने अभिभावकों से भविष्य में भी विद्यालय के शैक्षणिक एवं रचनात्मक आयोजनों में इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की। साथ ही बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
Share this update: