PATHALGAON
PATHALGAON
01 Nov 2026
हरगोविंद अग्रवाल के निधन से अपूरणीय क्षति, प्रेस क्लब ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि हरियाणा सेवा सदन में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा, पत्रकारिता से लेकर समाजसेवा और व्यापार जगत तक उनके योगदान को किया याद
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
प्रेस क्लब के सदस्यों ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि हरगोविंद अग्रवाल का योगदान केवल पत्रकारिता तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके जाने से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई कर पाना आसान नहीं..
पत्थलगांव। वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरगोविंद अग्रवाल के निधन से पत्थलगांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद करते हुए प्रेस क्लब पत्थलगांव के सदस्यों ने हरियाणा सेवा सदन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। हरगोविंद अग्रवाल लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे और प्रेस क्लब के वरिष्ठ संरक्षक के रूप में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। पत्रकारिता के साथ-साथ समाजसेवा और राजनीति में भी उनकी अलग पहचान थी। व्यापारिक जगत में भी उनकी मजबूत पकड़ थी। अपने सहज व्यवहार, मिलनसार व्यक्तित्व और सभी वर्गों के लोगों से आत्मीय संबंधों के चलते उन्होंने समाज में विशेष स्थान बनाया था।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि हरगोविंद अग्रवाल का निधन पत्थलगांव के सामाजिक, राजनीतिक और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और आत्मीय व्यवहार की कमी हमेशा महसूस की जाएगी। प्रेस क्लब के विभिन्न कार्यक्रमों में मंच संचालन के दौरान उनकी प्रभावशाली शैली और कुशल वक्तृत्व कला आज भी यादगार है। उनके व्यक्तित्व की यह विशेषता लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बनी रहेगी। प्रेस क्लब के सदस्यों ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि हरगोविंद अग्रवाल का योगदान केवल पत्रकारिता तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। उनके जाने से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई कर पाना आसान नहीं होगा। इस दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत हरगोविंद अग्रवाल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
Share this update: