JASHPUR
PATHALGAON
21 Sep 2026
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने की राजस्व कार्यों की समीक्षा, समय-सीमा में प्रकरण निपटाने निर्देश
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों और राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जशपुरनगर-कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों और राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे तथा आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविरों में राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण
कलेक्टर श्री व्यास ने सेवा संकल्प अभियान के तहत 01 से 07 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त होने वाले राजस्व प्रकरणों का प्रतिबद्धता के साथ नियमानुसार निराकरण करें। उन्होंने कहा कि शिविरों में राजस्व अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास करें।
स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य और नशामुक्ति का संदेश
कलेक्टर श्री व्यास ने 23 से 25 सितंबर तक वृहद स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान स्वच्छता के महत्व के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता श्रमदान के लिए प्रेरित करने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को लोगों की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। कलेक्टर श्री व्यास ने शिविर से पहले लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए योगाभ्यास, दौड़, पदयात्रा और साइक्लिंग जैसे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सामूहिक खेल गतिविधियों के आयोजन, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता और नशामुक्ति की शपथ दिलाने पर भी जोर दिया।
नेकी की दीवार और महादान के लिए लोगों को करें प्रेरित
कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि संवेदनशील समाज के निर्माण के लिए एक-दूसरे के प्रति सेवाभाव विकसित करना भी सेवा संकल्प अभियान का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने जिले के प्रमुख स्थानों पर नेकी की दीवार स्थापित करने के निर्देश दिए, जहां लोग जरूरतमंदों के लिए कपड़े एवं अन्य उपयोगी सामग्री रख सकें। उन्होंने लोगों को पुस्तक दान के लिए प्रेरित करने के साथ ही रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान जैसे महादान के प्रति भी जागरूक करने को कहा, ताकि जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।
लंबित राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण
कलेक्टर श्री व्यास ने आधार एवं मोबाइल नंबर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित एवं फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्तीकरण, अभिलेख शुद्धता, व्यपवर्तन तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रकरणों का प्राथमिकता और निर्धारित समय-सीमा के अनुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रकरणों एवं पीड़ित क्षतिपूर्ति से संबंधित मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण करने को कहा। इसके अलावा कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें।
Share this update: