PATHALGAON
PATHALGAON
27 Sep 2026
अग्रसेन जयंती की पत्रिका हुई जारी, शोभायात्रा से लेकर सांस्कृतिक आयोजनों तक पूरा कार्यक्रम तय महाराजा अग्रसेन जयंती की पत्रिका का हुआ विमोचन, डिजिटल पीडीएफ भी लॉन्च अग्रसेन भवन में जुटा अग्रवाल समाज, 3 से 11 अक्टूबर तक नौ दिवसीय आयोजन की रूपरेखा साझा;
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने इस वर्ष अग्रसेन जयंती के अवसर पर अवकाश की घोषणा किए जाने पर मंच से तीनों समितियों की ओर से शासन का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए खुशी और उत्साह का विषय है और सभी को इसका सकारात्मक उपयोग करते हुए जयंती समारोह में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
पत्थलगांव। महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह को लेकर अग्रवाल समाज पत्थलगांव की तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार शाम अग्रसेन भवन में आयोजित कार्यक्रम में आगामी नौ दिवसीय जयंती समारोह की रूपरेखा साझा करने के साथ ही समारोह की पत्रिका का विधिवत विमोचन किया गया। इसके साथ ही पत्रिका की डिजिटल पीडीएफ भी लॉन्च की गई, ताकि समाज के सदस्य आगामी सभी कार्यक्रमों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन जी की आरती के साथ हुई। इसके बाद मंच पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं संरक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल, अग्रवाल सभा के संरक्षक मुरारी अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल एवं भीमराज अग्रवाल, अग्रवाल सभा अध्यक्ष अनिल मित्तल, सचिव मनमोहन गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष सुमन अग्रवाल तथा अग्रवाल नवयुवक समिति अध्यक्ष नेहल अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अग्रवाल नवयुवक समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
समयबद्ध और व्यवस्थित आयोजन पर दिया जोर-सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती समाज की एकता, सेवा और संस्कारों को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने आयोजन समिति से सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समय के भीतर व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने तथा अनावश्यक रूप से लेट नाइट कार्यक्रम नहीं रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम जितने अनुशासित और समयबद्ध होंगे, उतनी ही बेहतर सहभागिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अग्रसेन जयंती के अवसर पर अवकाश की घोषणा किए जाने पर मंच से तीनों समितियों की ओर से शासन का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए खुशी और उत्साह का विषय है और सभी को इसका सकारात्मक उपयोग करते हुए जयंती समारोह में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
जयंती से एक दिन पहले निकलेगी शोभायात्रा-अग्रवाल सभा अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती समाज की एकता, सेवा और सामाजिक समरसता का पर्व है। इस वर्ष सभी की सहभागिता से समारोह को और व्यापक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अग्रसेन जयंती से एक दिन पूर्व भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
पत्रिका में नौ दिवसीय आयोजन की पूरी जानकारी-अग्रवाल सभा के संरक्षक मुरारी अग्रवाल ने कहा कि जयंती समारोह की पत्रिका में आगामी आयोजनों की पूरी रूपरेखा एवं तिथिवार कार्यक्रमों की जानकारी दी गई है। पत्रिका के माध्यम से समाज के प्रत्येक सदस्य को कार्यक्रमों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और सभी समय पर आयोजन में सहभागी बन सकेंगे।
पत्रिका विमोचन के लिए एकत्र हुआ समाज, स्वच्छता का संदेश-अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष सुमन अग्रवाल ने कहा कि समाज के लोग पत्रिका विमोचन के लिए एकत्रित हुए हैं और समारोह को भव्य रूप देने के लिए सभी का सहयोग सराहनीय है। उन्होंने आयोजन की तैयारियों एवं कार्यक्रमों की भव्यता के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से शोभायात्रा के दौरान जलपान वितरण के बाद सड़क पर प्लेट, डिस्पोजल और अन्य सामग्री फेंकने से होने वाली अस्वच्छता पर चिंता जताते हुए समाजजनों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा उत्सव के साथ-साथ स्वच्छता का संदेश भी दे। लोग कचरा जहां-तहां न फेंकें और निर्धारित स्थान पर ही कचरे का निपटारा करें, ताकि शहर स्वच्छ और सुंदर बना रहे।
युवा समिति ने कहा—ऊर्जा भी है, उत्साह भी, मार्गदर्शन की जरूरत
अग्रवाल नवयुवक समिति अध्यक्ष नेहल अग्रवाल ने कहा कि युवा समिति पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ अग्रसेन जयंती समारोह को भव्य बनाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और सभी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है। युवाओं को जो जिम्मेदारियां दी गई हैं, उन्हें पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाएगा और सभी के सहयोग से इस वर्ष अग्रसेन जयंती को यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा।
3 से 11 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न आयोजन-पत्रिका विमोचन के दौरान बताया गया कि इस वर्ष 3 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक नौ दिवसीय अग्रसेन जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक गतिविधियां एवं समाज की सहभागिता से जुड़े विभिन्न आयोजन होंगे। तिथिवार कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी पत्रिका के साथ-साथ उसकी डिजिटल पीडीएफ में भी उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अग्रवाल नवयुवक समिति के सचिव नमन अग्रवाल ने किया। 
Share this update: