PATHALGAON
PATHALGAON
01 Oct 2026
गांव की माटी में जशपुरांचल के 27 साल का जश्न, 31 बुजुर्ग सम्मानित; बच्चों को मिली शिक्षण सामग्री,
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
कार्यक्रम के अंत में संपादक विजय त्रिपाठी, शेखर त्रिपाठी एवं सौरभ त्रिपाठी ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सामाजिक एकजुटता, बुजुर्गों के सम्मान और शिक्षा को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।
सुसडेगा में स्थापना दिवस पर शिक्षा, सेवा और सामाजिक सरोकार का संगम—बच्चों को शिक्षण सामग्री, न्योता भोज का भी आयोजन
पत्थलगांव। दैनिक जशपुरांचल समाचार पत्र के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर जशपुरांचल परिवार ने इस बार ग्रामीण अंचल में शिक्षा, सेवा और सामाजिक सरोकार को केंद्र में रखते हुए विशेष आयोजन किया। विकासखंड पत्थलगांव के ग्राम सुसडेगा (सुरेशपुर) स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 31 वरिष्ठ नागरिकों, बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं स्कूली बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित करने के साथ विद्यार्थियों, अतिथियों और ग्रामीणों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सलाहकार आर. कृष्णा दास, विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री के निज सहायक तुलसी कौशिक, जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सदस्य सुनील अग्रवाल, सतीश गर्ग, जिला जनसंपर्क अधिकारी नूतन सिदार, ग्राम पंचायत सुसडेगा के सरपंच प्रेम साय एवं ग्राम पंचायत सुरेशपुर के सरपंच देवसिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। स्थापना दिवस समारोह के दौरान दैनिक जशपुरांचल के लिए उल्लेखनीय समाचार संकलन एवं पत्रकारिता कार्य करने वाले पत्रकारों को पत्रकारिता सम्मान से सम्मानित किया गया। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई।
गाजे-बाजे के साथ हुआ अतिथियों का स्वागत-कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के गाजे-बाजे के साथ स्वागत से हुई। इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों, ग्रामीणों और वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति से आयोजन में उत्सव जैसा माहौल रहा।
कृष्णा दास बोले—27 वर्षों का सफर अपने आप में उपलब्धि-मुख्य अतिथि आर. कृष्णा दास ने दैनिक जशपुरांचल के 27वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जशपुर जैसे वनांचल क्षेत्र में लगातार 27 वर्षों तक समाचार पत्र का नियमित प्रकाशन अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जशपुरांचल ने लंबे समय से क्षेत्र की आवाज को प्रमुखता से उठाने और लोगों को जागरूक करने का कार्य किया है। उन्होंने त्रिपाठी परिवार के संघर्ष और प्रयासों की सराहना करते हुए स्थापना दिवस की बधाई दी।
तुलसी कौशिक ने स्व. रामकरण गुप्ता की स्मृतियां साझा कीं-विशिष्ट अतिथि तुलसी कौशिक ने पत्थलगांव क्षेत्र से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए स्व. रामकरण गुप्ता के साथ बिताए अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि स्व. रामकरण गुप्ता क्षेत्र के हर व्यक्ति और परिवार से आत्मीय जुड़ाव रखने वाले अद्भुत व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने भजनलाल जी को भी स्मरण किया। साथ ही जशपुरांचल के संपादक विजय त्रिपाठी के पत्रकारिता क्षेत्र में संघर्ष और योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीण अंचल में आयोजन की पहल को एसएसपी ने सराहा-एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने स्थापना दिवस कार्यक्रम को ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने संपादक विजय त्रिपाठी की सोच की सराहना करते हुए कहा कि शहरी परिवेश में रहने के बावजूद अपने जन्मभूमि क्षेत्र और ग्रामीण समाज से जुड़ाव बनाए रखना तथा बुजुर्गों से आशीर्वाद लेकर बच्चों को शिक्षण सामग्री भेंट करना सराहनीय पहल है।
साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक-एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के लिए मोबाइल और ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संदेश दिया।
बच्चों को शिक्षण सामग्री, बुजुर्गों को सम्मान-कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष शिक्षा और सामाजिक सम्मान रहा। जशपुरांचल परिवार ने प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की। इसके साथ ही 31 वरिष्ठ नागरिकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को बुजुर्गों के प्रति सम्मान, शिक्षा के प्रति जागरूकता और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार हरगोविंद अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर शेखर त्रिपाठी सहित त्रिपाठी परिवार के सदस्य, सतीश गर्ग, राजेंद्र अग्रवाल, सतीश अग्रवाल पूर्व पार्षद, मुकेश शर्मा, ओम अग्रवाल, नंदकिशोर अग्रवाल, दामोदर डनसेना, धरनीधर सिदार, भगत बंजारा, राम प्रजापति, सुरेंद्र गुप्ता, रामपुकार गुप्ता, राजेंद्र डनसेना, राजेंद्र गुप्ता, ओंकार डनसेना, विजय गुप्ता, उज्ज्वल कुमार, बृजमोहन यादव, नारायण यादव, कृष्णा गुप्ता, सुखना प्रजापति सहित पत्थलगांव से जशपुर तक के पत्रकार, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संपादक विजय त्रिपाठी, शेखर त्रिपाठी एवं सौरभ त्रिपाठी ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सामाजिक एकजुटता, बुजुर्गों के सम्मान और शिक्षा को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।
Share this update: