CHHATTISGARH
PATHALGAON
08 Nov 2026
*बिना मानदेय के कैसा दीपोत्सव? आंगनबाड़ी दीदियों के सामने मुसीबतों का पहाड़, उधारी मिलना भी हुआ दूभर*
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
*दो माह से मानदेय लंबित होने से दीपावली की खुशियां फीकी, घरों में त्योहार की रौनक के बजाय आर्थिक तंगी और चिंता का माहौल*
जशपुर। दीपावली का पर्व एक तरफ जहां बाजारों में रौनक है,घरों में रोशनी की जा रही हैं,लेकिन छत्तीसगढ़ की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के घरों में इस बार त्योहार की खुशियों पर आर्थिक तंगी भारी पड़ रही है। दो माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण प्रदेश की 1 लाख से ज्यादा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहायिकाओं के सामने परिवार का खर्च चलाने से लेकर दीपावली मनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।
छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ पंजी 409 की जशपुर जिले की जिलाध्यक्ष श्रीमती दिलासो कुजूर ने इस स्थिति पर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सालभर पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से विभागीय कार्यों का निर्वहन करती हैं। बच्चों के पोषण से लेकर महिलाओं एवं माताओं की देखभाल तक अनेक जिम्मेदारियां निभाती हैं, लेकिन जब अपने परिवार के लिए त्योहार मनाने की बारी आती है तो उन्हें अपने ही मेहनत के मानदेय का इंतजार करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि दो महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण दीदियों की आर्थिक स्थिति बेहद कठिन हो गई है। पहले से महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के सामने अब दीपावली की छोटी-छोटी खुशियां जुटाना भी मुश्किल हो गया है। त्योहार के समय दुकानदारों से उधार मिलना भी दूभर हो रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बिना पैसे के घर में मिठाई कैसे आएगी, बच्चों के लिए नए कपड़े कैसे खरीदे जाएंगे और दीपावली की खुशियां कैसे मनाई जाएंगी?
जिलाध्यक्ष श्रीमती दिलासो कुजूर ने कहा कि यह केवल मानदेय भुगतान में देरी का मामला नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों की भावनाओं और सम्मान से जुड़ा सवाल है, जिनकी आजीविका इसी मानदेय पर निर्भर है। त्योहार के समय भी अपने हक के पैसे के लिए इंतजार करना बेहद पीड़ादायक है।
*प्रांताध्यक्ष कविता यादव ने भी उठाई आवाज*
छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ पंजी 409 की प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने कहा कि आंगनबाड़ी दीदियां दूसरों के घरों में पोषण और खुशियों की रोशनी पहुंचाने का काम करती हैं, लेकिन आज उनके अपने घरों में आर्थिक संकट के कारण दीपावली की रौनक फीकी है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि लंबित दो माह के मानदेय का तत्काल भुगतान किया जाए तथा भविष्य में प्रत्येक माह समय पर मानदेय जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
*सवाल अपनी जगह कायम है...*
दीपावली हर परिवार के लिए खुशियों का त्योहार है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं भी उसी समाज का हिस्सा हैं, जिनके श्रम से शासन की अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर संचालित होती हैं। फिर उनके ही घरों में त्योहार से पहले आर्थिक संकट क्यों?
जो दीदियां पूरे प्रदेश के बच्चों के भविष्य में पोषण की रोशनी जला रही हैं, क्या उनके अपने घरों में दीपावली का दीपक जलाने की जिम्मेदारी शासन की नहीं है?
संघ पंजी 409 ने शासन-प्रशासन से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानपूर्वक दीपावली मनाने का अवसर देने की अपील की है।
Share this update: