PATHALGAON
PATHALGAON
12 Nov 2026
अभावों से संघर्ष कर 21 साल की उम्र में बने युवा उद्यमी, पिता के सपनों को पूरा करने का लिया संकल्प ननिहाल कुमेकेला में अरुण लहरे ने आयोजित किया प्रेरणा कार्यक्रम, डेढ़ घंटे तक युवाओं और ग्रामीणों को सुनाई संघर्ष और सफलता की कहानी
Rajesh Agrawal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
ग्रामीणों और युवाओं से कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, व्यक्ति को अपनी शिक्षा, आत्मविश्वास और मेहनत पर भरोसा रखना चाहिए। उम्र सफलता की राह में बाधा नहीं होती, बल्कि मजबूत मनोबल और निरंतर प्रयास ही व्यक्ति को आगे बढ़ाते हैं। उनके संघर्ष की कहानी सुनकर उपस्थित कई ग्रामीण और युवा भावुक हो गए।
पत्थलगांव। शिक्षा और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर अभावों से निकलकर उद्यमिता तक का सफर तय करने वाले 21 वर्षीय युवा अरुण लहरे ने ग्रामीण युवाओं को प्रेरित करने की अनूठी पहल की है। अपने ननिहाल ग्राम कुमेकेला स्थित शासकीय विद्यालय में 10 नवंबर को उन्होंने स्वयं के खर्च पर प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें आसपास की कई पंचायतों के ग्रामीणों, युवाओं, बच्चों और गांव के वरिष्ठ बुजुर्गों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। पत्थलगांव के ग्राम मदनपुर (इंजको, डोंगीदरहा) निवासी अरुण लहरे, पिता स्व. सुरेश लहरे एवं माता श्रीमती सुमित्रा लहरे ने अपने जीवन के संघर्षों और उपलब्धियों को ग्रामीणों के बीच साझा किया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि अरुण ने बिना किसी लिखित स्क्रिप्ट के लगातार डेढ़ घंटे से अधिक समय तक प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने बताया कि किस तरह कठिन परिस्थितियों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और लगातार संघर्ष के बीच उन्होंने अपने पिता के सपनों को पूरा करने का संकल्प लेकर उद्यमिता की राह चुनी।
*पिता के निधन के बाद भी नहीं टूटने दिया हौसला-:*
अरुण का जीवन कई कठिन दौर से गुजरा है। 4 जून 2022 को उनके पिता स्व. सुरेश लहरे का निधन हो गया। इसके बाद परिवार में चाचा, दादी और बड़े दादाजी का भी साथ छूट गया। लगातार मिले इन दुखों के बीच उनकी माता श्रीमती सुमित्रा लहरे ने मजबूती से उनका साथ दिया। अरुण ने बताया कि पिता ने बचपन से ही उन्हें शिक्षा, संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी थी। उनके निधन के बाद उन्होंने पिता के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया और घर पर रहकर आधुनिक कौशल सीखने के साथ उद्यमिता की बारीकियों को समझा। करीब चार साल छह महीने के कठिन संघर्ष के बाद आज वे युवा उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।
*गुरुओं को नमन कर साझा किया सफलता का श्रेय-:*
कार्यक्रम में अरुण ने अपने प्रारंभिक शिक्षकों को नमन करते हुए उनके द्वारा दी गई शिक्षा और संस्कारों को अपनी सफलता का आधार बताया। विशेष रूप से अपने बचपन के गुरु सुरेंद्र सिंह मिर्रे, निवासी ग्राम भाथुडांड, का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2020 में कक्षा आठवीं के दौरान उनसे मिली प्रेरणा ने जीवन के प्रति उनकी सोच को नई दिशा दी। उन्होंने अपने गुरु की सीख को आत्मसात कर आगे बढ़ने का प्रयास किया और आज उसी प्रेरणा से अपना एक विशेष मॉडल तैयार किया है। मंच पर गुरुजनों की प्रत्यक्ष उपस्थिति नहीं होने के बावजूद अरुण ने उन्हें भावुक होकर याद किया और अपनी उपलब्धियों का श्रेय दिया। उन्होंने श्रीमती सरिता अग्रवाल, ओमप्रकाश जांगड़े एवं श्रीमती निरूपा गुप्ता सहित जीवन को दिशा देने वाले सभी शिक्षकों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की।
*'जिंदगी से सीखें और एक-दूसरे का मनोबल बढ़ाएं' का दिया संदेश-:*
कार्यक्रम के दौरान अरुण ने 'जिंदगी से सीखें और एक-दूसरे का मनोबल बढ़ाएं' विषय पर स्वयं तैयार किया गया एक प्रेरणादायक मॉडल भी प्रस्तुत किया। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, व्यक्ति को अपनी शिक्षा, आत्मविश्वास और मेहनत पर भरोसा रखना चाहिए। उम्र सफलता की राह में बाधा नहीं होती, बल्कि मजबूत मनोबल और निरंतर प्रयास ही व्यक्ति को आगे बढ़ाते हैं। उनके संघर्ष की कहानी सुनकर उपस्थित कई ग्रामीण और युवा भावुक हो गए। कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ बुजुर्गों की विशेष उपस्थिति रही। अरुण ने बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
*संपत भारद्वाज ने निभाई अहम भूमिका-* इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम महादेव टिकरा निवासी संपत भारद्वाज का विशेष योगदान रहा। उन्होंने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभालते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित और प्रभावशाली बनाया। अरुण ने उनके सहयोग के लिए आभार जताया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने ग्रामीणों से शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी ताकत बनाने और एक-दूसरे का मनोबल बढ़ाने की अपील की।
Share this update: