CHHATTISGARH
All Regions
26 Aug 2026
*प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुरारी साय पैंकरा सम्मानित*
Rajesh Agarwal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
*केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रदान किया प्रशस्ति-पत्र, जशपुर में भी लंबे समय तक उत्कृष्ट कार्यों से बनाई थी अलग पहचान*
*प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुरारी साय पैंकरा सम्मानित*
*केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रदान किया प्रशस्ति-पत्र, जशपुर में भी लंबे समय तक उत्कृष्ट कार्यों से बनाई थी अलग पहचान*
रायपुर/पत्थलगांव -: प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रायपुर जिले के जिला नोडल अधिकारी मुरारी साय पैंकरा को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन सम्मेलन 2026 में सम्मानित किया गया। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने श्री पैंकरा को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। 24 एवं 25 अगस्त को नई दिल्ली स्थित भारत आवास केंद्र में आयोजित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन सम्मेलन 2026 में देशभर से योजना के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिला नोडल अधिकारियों एवं जिला संसाधन व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत सर्वाधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा योजना को प्रभावी ढंग से धरातल पर पहुंचाने में रायपुर जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए श्री पैंकरा को यह सम्मान मिला।
*रायपुर में भी उत्कृष्ट कार्य से बनाई पहचान -*
श्री पैंकरा की इस उपलब्धि के पीछे रायपुर जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए गए उनके प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके कार्यों में जिला प्रशासन का मार्गदर्शन एवं सहयोग भी रहा। रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन के निर्देशन में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के क्रियान्वयन को गति मिली और अधिकाधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ा गया।
*जशपुर में भी उत्कृष्ट कार्यों से बनाई थी अलग पहचान -:*
श्री पैंकरा का जशपुर जिले से भी लंबे समय तक जुड़ाव रहा है। मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर में जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक के रूप में उन्होंने वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र को बढ़ावा देने, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान तथा शासकीय योजनाओं को हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। जशपुर में अपने कार्यकाल के दौरान श्री पैंकरा ने अपनी कार्यशैली और बेहतर प्रशासनिक समन्वय के चलते उद्योगपतियों, व्यापारियों एवं उद्यमियों के बीच एक अलग पहचान बनाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए जिला प्रशासन एवं तत्कालीन कलेक्टरों द्वारा भी विभिन्न अवसरों पर उन्हें सम्मानित कर बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया था।
*सम्मान से जशपुर के उद्योग-व्यापार जगत में भी हर्ष*
श्री पैंकरा के रायपुर जाने के बाद भी जशपुर जिले के उद्योगपति एवं व्यापारी उनसे जुड़े हुए हैं। नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान की खबर सामने आने के बाद जशपुर के उद्योग एवं व्यापार जगत में हर्ष का माहौल है। पत्थलगांव के उद्योगपति मुकेश अग्रवाल,श्रवण अग्रवाल, महावीर अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल सहित अन्य उद्योगपतियों और व्यापारियों ने श्री पैंकरा को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जशपुर में उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की छाप आज भी लोगों के बीच बनी हुई है।
उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि श्री पैंकरा ने जहां भी जिम्मेदारी संभाली, वहां योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आम लोगों एवं उद्यमियों से बेहतर समन्वय स्थापित किया।
Share this update: