PATHALGAON
PATHALGAON
26 Aug 2026
चन्द्रकला देवी महिला महाविद्यालय का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया पुण्यतिथि स्मृति दिवस पर छात्राओं ने प्रस्तुत किए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम |
Rajesh Agarwal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए
चन्द्रकला देवी महिला महाविद्यालय का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया
पुण्यतिथि स्मृति दिवस पर छात्राओं ने प्रस्तुत किए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिक्षा के क्षेत्र में महाविद्यालय की प्रगति को सराहा
पत्थलगांव। स्वर्गीय माता चन्द्रकला देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रीमती चन्द्रकला देवी महिला महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह महाविद्यालय संस्था के संचालक पवन अग्रवाल की माता स्वर्गीय चन्द्रकला देवी की स्मृति में उनके नाम पर संचालित है। कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर महाविद्यालय के संचालक पवन अग्रवाल, अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष परशुराम अग्रवाल, संरक्षक मुरारीलाल अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अजय बंसल, विनोद अग्रवाल, कृष्ण कुमार अग्रवाल, जितेन्द्र अग्रवाल, पवन गर्ग, रूपेश अग्रवाल सहित विद्यालय एवं महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। समारोह में छात्राओं की प्रतिभा और आत्मविश्वास की जमकर सराहना की गई।
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार कर रहा संस्थान : पवन अग्रवाल
महाविद्यालय के संचालक पवन अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिटिल रोज स्कूल से शुरू हुआ शिक्षा का यह प्रयास आज सीकेडी महिला महाविद्यालय और किंडर गार्टन तक पहुंच चुका है। संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मनिर्भरता के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में संस्था को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
महिला शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय प्रयास : अनिल मित्तल
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने कहा कि सीकेडी महिला महाविद्यालय क्षेत्र में बालिकाओं को उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था की शैक्षणिक गतिविधियां और छात्राओं की प्रतिभा प्रशंसनीय है। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए प्रयासों के साथ संस्था जिस तरह आगे बढ़ रही है, उससे क्षेत्र की बेटियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। उन्होंने महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संचालक एवं पूरे शिक्षण परिवार को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुरारीलाल अग्रवाल एवं अजय बंसल ने भी महाविद्यालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए संस्था के निरंतर विकास की कामना की। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य भगत धुर्वे ने सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
Share this update: