PATHALGAON
PATHALGAON
26 Aug 2026
पढ़ाई के साथ प्रतिभा निखारने का मंच बना नीरज फाउंडेशन स्कूल
Rajesh Agarwal
Khabar Hatkar Verified Reporting Desk
फैंसी ड्रेस एवं सोलो डांस प्रतियोगिता में बच्चों ने बिखेरा हुनर, विजेताओं को ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र से किया सम्मानित
पत्थलगांव - नीरज फाउंडेशन स्कूल में फैंसी ड्रेस एवं सोलो डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
कार्यक्रम में अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष सुमन अग्रवाल, सिख समाज के अध्यक्ष हरजीत सिंह भाटिया एवं चेयरमैन मनजीत सिंह भाटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
सिख समाज के अध्यक्ष हरजीत सिंह भाटिया ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी जरूरी हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है। नीरज फाउंडेशन स्कूल द्वारा लगातार इस तरह की गतिविधियों का आयोजन सराहनीय है।
नीरज फाउंडेशन स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में बहुत कम समय में शहर में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे बच्चों को पढ़ाई के साथ अपनी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिल रहा है।
विद्यालय के डायरेक्टर सन्नी भाटिया एवं रेशु भाटिया ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व और प्रतिभा का सर्वांगीण विकास करना है। बच्चों को अलग-अलग गतिविधियों में भाग लेने के अवसर दिए जाते हैं, ताकि वे अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों की सराहना करते हुए अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं जिन बच्चों को किसी स्थान पर सफलता नहीं मिली, उनका उत्साह बनाए रखने के लिए विद्यालय प्रबंधन की ओर से उन्हें भी विशेष उपहार दिए गए। इस पहल से बच्चों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को इसी तरह प्रोत्साहित करते रहने की बात कही।
Share this update: